
मिल गया भारतीय चंद्रयान-2 का विक्रम लैंडर, देश भर में ख़ुशी की लहर
इसरो अध्यक्ष के सिवन का कहना है कि हमें चांद की सतह पर लैंडर विक्रम की लोकेशन मिल गई है। ऑर्बिटर ने लैंडर की थर्मल तस्वीर खींची है। हालांकि उससे अभी तक संपर्क नहीं हो पाया है। हम उससे संपर्क साधने की कोशिश कर रहे हैं। उससे जल्द ही संपर्क स्थापित कर लिया जाएगा।
चंद्रयान-2 के चंद्रमा पर लैंड करने से पहले विक्रम लैंडर से संपर्क टूटने के बाद इसरो चीफ ने नई जानकारी दी है। उन्होंने कहा, “हमने पाया है कि विक्रम लैंडर ने चंद्र सतह पर एक थर्मल छवि पर क्लिक किया है। लेकिन अभी तक उससे कोई सम्पर्क नहीं हुआ है। हम संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं। जल्द ही इस बारे में जानकार दी जाएगी।” ऑर्बिटर से मिली तस्वीरों से इसरो को लैंडर विक्रम का पता चला।
इससे पहले सिवन ने शनिवार को कहा था कि अभी चंद्रयान-2 के लैंडर विक्रम से हमारा संपर्क बेशक टूट गया है, लेकिन अगले 14 दिनों के अंदर लैंडर से दोबारा संपर्क साधने की कोशिश करेंगे. उन्होंने कहा था कि लैंडिंग के आखिरी चरण को सही तरीके से पूरा नहीं किया जा सका. आखिरी चरण में सिर्फ लैंडर से हमारा संपर्क टूट गया और संचार नहीं हो पाया.
मालूम हो कि चंद्रमा के सफर पर निकले भारत के चंद्रयान-2 के लैंडर विक्रम के चांद पर उतरते समय उसकी सतह से मात्र 2.1 किमी दूरी पर आकर जमीनी स्टेशन से संपर्क टूट गया. इसपर प्रधानमंत्री मोदी ने इसरो के वैज्ञानिकों को सांत्वना भी दी.