दिल्ली के ITO इलाके में लगा भाजपा सांसद गौतम गंभीर का लापता होने का पोस्टर
पूर्वी दिल्ली के भाजपा सांसद और पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर के इंदौर में जलेबी खाने से शुरू हुआ विवाद थम नहीं रहा है। ताजा मामले में गंभीर का आइटीओ इलाके में लापता होने का पोस्टर लगाया गया है। पेड़ों पर लगे पोस्टर में लिखा गया है कि ‘क्या आपने इन्हें देखा है? आखिरी बार इंदौर में जलेबी खाते हुए देखा गया था, पूर्वी दिल्ली इन्हें ढूढ़ रही है।’
गौतम गंभीर का पोस्टर पेड़ों पर किसने चिपकाया है इसके बारे में पोस्टर में कुछ नहीं लिखा गया है। माना जा रहा है कि इसे शनिवार रात में ही चिपकाया गया है।
इससे पहले आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जलेबी और गौतम गंभीर की तस्वीरों को लेकर प्रदर्शन किया था। शनिवार को आप कार्यालय के बाहर भाजपा के प्रदर्शन में भी आप के कई कार्यकर्ता हाथों में जलेबी की थाली और गंभीर की फोटो लेकर पहुंच गए। उन्होंने कहा कि यह जलेबी विरोध प्रदर्शन करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण को लेकर संसदीय कमेटी की बैठक में गंभीर शामिल होने के बजाय इंदौर में जलेबी खा रहे थे।
आप कार्यकर्ताओं का कहना था कि भाजपा कार्यकर्ताओं को विरोध करने के बजाय अपने सांसद को जवाब-तलब करना चाहिए। पुलिस की नजर जब आप के कार्यकर्ताओं पर पड़ी तो उन्हें प्रदर्शन वाले स्थान से दूर कर दिया, जिससे कि तनाव न हो।